नगर निगम जोन 8 में उपद्रव पर कलेक्टर सख्त, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित
नगर निगम जोन 8 में उपद्रव पर कलेक्टर सख्त, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित
रायपुर। नगर निगम जोन 8 कार्यालय में हाल ही में हुई उपद्रव की घटना को लेकर रायपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि निगम कार्यालय में घुसकर उपद्रव करने वालों पर विधि अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह से चर्चा कर आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं।
इस घटना के विरोध में नगर निगम मुख्यालय और सभी 10 जोनों के अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहे। निगम मुख्यालय में एकत्र होकर सभी ने जोन 8 कार्यालय में हुई घटना की कड़ी निंदा की।
इस संबंध में रायपुर नगर निगम के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में निगम अपर आयुक्त यू.एस. अग्रवाल, प्रभारी अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटीक, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। उन्होंने कलेक्टर को अवैध कब्जा हटाए जाने के बाद उत्पात मचाने वाले आरोपियों की जानकारी दी।
नगर निगम कर्मचारी एकता संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर से मांग की कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, निगम कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान की जाए, और शासकीय अवकाश के दिन निगम कर्मचारियों से कार्य न लिया जाए।
कलेक्टर के आश्वासन के बाद कर्मचारी संघ ने फिलहाल काली पट्टी लगाकर काम करने का निर्णय स्थगित कर दिया है। संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने बताया कि जल्द ही संघ के प्रतिनिधि महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप से मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे और कर्मचारी हित में अगला सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।
यह मामला निगम कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा से जुड़ा है, जिसे लेकर अब प्रशासन और कर्मचारी संगठन दोनों गंभीरता से आगे बढ़ रहे हैं।